बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने 16 अप्रैल को अपना 39वां जन्मदिन मनाया। तेज प्रताप के जन्मदिन पर पिता और राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी पहुंचे थे। इस मौके पर पटना के हार्डिंग रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर जश्न का माहौल रहा। इस जश्न के बीच तेजप्रताप ने सियासी बाण भी चलाए। एक तरफ तेज प्रताप ने सम्राट को सीएम बनने की बधाई दी, तो दूसरी तरफ छोटे भाई तेजस्वी पर जोरदार तंज कसा।
सम्राट चौधरी को बताया परिपक्व मुख्यमंत्री
तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि मैंने तो पहले ही भविष्यवाणी की थी कि सम्राट मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई नौजवान नेतृत्व संभालता है, तो राज्य को एक नई दिशा मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी एक परिपक्व मुख्यमंत्री साबित होंगे और बिहार के विकास को आगे ले जाएंगे। रोजगार की मांग करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए ताकि प्रदेश के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सके।
छोटे भाई पर निशाना साधा
तेज प्रताप ने एक तरफ सम्राट की तारीफ की, तो दूसरी तरफ अपने छोटे भाई पर निशाना साधा। तेज प्रताप ने तेजस्वी के बयान पर पलटवार करते हुए हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी जी कह रहे हैं कि उनके यहाँ से निकलकर लोग नेता बने, लेकिन हकीकत यह है कि तेजस्वी खुद 25 सीटों पर सिमट गए हैं।

