बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इस समय कानूनी और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। चेक बाउंस केस में कोर्ट के ऑर्डर के बाद उन्हें सरेंडर करना पड़ा और वे इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। इस मुश्किल घड़ी में बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अभिनेता को इस संकट से उबारने के लिए अपना समर्थन जताया।
11 लाख की मदद का दिया भरोसा
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए लिखा कि, ‘मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई। इस अत्यंत कठिन समय में मैं और मेरा पूरा JJD (जन शक्ति जनता दल) परिवार, उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती से खड़ा है। मानवीय करुणा एवं सहयोग की भावना से, मैं JJD परिवार की ओर से ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) की आर्थिक सहायता उनके परिवार को प्रदान कर रहा हूं।
सोनू सूद भी मुश्किल वक्त में बने सहारा
मशहूर अभिनेता सोनू सूद भी राजपाल यादव के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। सोनू सूद ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री का एक अनमोल रत्न बताया। उन्होंने लिखा कि कभी-कभी वक्त हुनर से ज्यादा क्रूर हो जाता है। सोनू ने ऐलान किया कि राजपाल उनकी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे और उन्होंने पूरी इंडस्ट्री से एकजुट होने की अपील की। सोनू सूद के मुताबिक, भविष्य के काम के बदले दिया गया ‘साइनिंग अमाउंट’ कोई खैरात नहीं बल्कि एक कलाकार का सम्मान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुश्किल वक्त में अपनों के साथ खड़े होकर ही हम साबित कर सकते हैं कि बॉलीवुड सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार है।
किस मामले में फंसे हैं राजपाल
दरअसल, राजपाल यादव एक चेक बाउंस केस में फंसे हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में फिल्म निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ और वे कर्ज की रकम वापस नहीं कर सके। कंपनी को दिए गए चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। ब्याज और अन्य कारणों से यह रकम अब बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

