राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को नवादा पहुंचे। जहां उन्होंने राजद के पूर्व नेता और मंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव और जदयू की मौजूदा पार्टी विधायक विभा देवी के घर जाकर उनके पुत्र अखिलेश कुमार के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। बता दें कि बीते दिनों जदयू विधायक विभा देवी और राजबल्लभ यादव के छोटे बेटे अखिलेश यादव की एक सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौते हो गई थी।
तेजस्वी ने की शोक संतप्त परिवार से मुलाकात
तेजस्वी यादव ने इस दौरान शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की सलाह दी। तेजस्वी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह भारी दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान पूर्व विधायक कौशल यादव सहित कई अन्य प्रमुख नेता भी वहां मौजूद रहे।
जदयू विधायक का अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
मुलाकात के दौरान जदयू विधायक विभा देवी (अखिलेश की मां) ने तेजस्वी यादव को घटना की जानकारी दी। जदयू विधायक विभा देवी ने इस दौरान अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने तेजस्वी से कहा कि, यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो अखिलेश की जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि, अगर अस्पताल अखिलेश को 6-7 घंटे तक अपने पास नहीं रखा होता, तो आज उनका बेटा जीवित होता।
तेजस्वी को सौंपा साक्ष्य और दस्तावेज
जेडीयू विधायक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज भी नेता प्रतिपक्ष को सौंपे। तेजस्वी यादव ने भी उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि, अस्पताल प्रशासन और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
पटना में इलाज के दौरान मौत
बता दें कि 19 मार्च को अखिलेश कुमार सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। अखिलेश अपने आवास से कार लेकर कहीं जाने के लिए निकले। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होने की वजह से उनकी तेज रफ्तार कार एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और अखिलेश को इलाज के लिए तत्काल पटना भेजा गया। हालांकि यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अखिलेश के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

