जमशेदपुर : आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह ईचागढ़ के लोकप्रिय नेता हरे लाल महतो की गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन तेज होता जा रहा है। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में इस गिरफ्तारी को लेकर उबाल है। इसे राजनीतिक साजिश करार दिया जा रहा है। कल जहां कई जगह झारखंड सरकार का पुतला दहन किया गया। वहीं यह गिरफ्तारी कई सवाल भी खड़े कर रही है। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा है कि ऐसा कर हरे लाल महतो को प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है। जिसके पीछे राजनीतिक कारण ज्यादा है। सरकार उनका अपराध साबित करें कि ऐसा क्या अपराध किया है हरे लाल महतो ने। क्या किसी को धार्मिक या पारंपरिक कार्यक्रमों में चंदा देना अपराध है? कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करना या ना करना वह संस्था का काम था। संस्था का दायित्व था कि इसका पालन हो। हरे लाल महतो समाजसेवी पार्टी के नेता है उनके खिलाफ इस रूप से आगे आए हैं ऐसा व्यवहार किया जा रहा है जो किसी अपराधी के लिए किया जाता है। जहां अपराध हो रहा है वहां क्यों नहीं ये रवैया अपनाते।