Homeधनबादधनबाद के झारखंड मैदान में असामाजिक तत्वों का शराबखोरी और हिंसा का...

धनबाद के झारखंड मैदान में असामाजिक तत्वों का शराबखोरी और हिंसा का आतंक :, दुर्गा पूजा कमिटी ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

हीरापुर, धनबाद: नववर्ष के आगमन से पहले ही झारखंड मैदान असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है। शाम ढलते ही मैदान में शराबखोरी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लग रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना दूभर हो गया है।

दुर्गा पूजा कमिटी की शिकायत

झारखंड मैदान में हो रही इन घटनाओं को लेकर दुर्गा पूजा कमिटी ने प्रशासन को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। कमिटी के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन शाम 6 बजे से देर रात तक शराब का सेवन कर रहे असामाजिक तत्व मैदान में मारपीट, गाली-गलौज और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। इनकी वजह से महिलाओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ताजा घटना

रविवार शाम करीब 6:30 बजे दो गुटों के बीच जमकर लड़ाई हुई। नशे में धुत इन लोगों ने एक सफेद गाड़ी को अनियंत्रित तरीके से भगाया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ा हादसा होते-होते बचा। इस घटना ने स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

हालांकि सुचना पाकर प्रशासन की टीम गश्त करते हुए वहां पहुंची मामले को देखते हुए वहां स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को खदेड दिया इस दौरान कुछ लोगो को पकड़ा भी जबकि कुछ को पूछताछ कर हिदायत देते हुए छोड़ दिया।

पुजा कमिटी का निवेदन

दुर्गा पूजा कमिटी के सदस्यों ने बताया कि वे कई वर्षों से झारखंड मैदान में दुर्गा पूजा आयोजित करते आ रहे हैं। असामाजिक तत्वों को समझाने के प्रयास कई बार किए गए, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है। कमिटी ने प्रशासन से अपील की है कि इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रोजाना गश्त और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन से उम्मीद

स्थानीय प्रशासन को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। कमिटी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति किसी गंभीर अनहोनी का कारण बन सकती है।

गौरतलब है कि झारखंड मैदान में बढ़ती असामाजिक गतिविधियां न केवल स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि यह समाज में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं। प्रशासन से उम्मीद है कि नववर्ष के पहले इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular