पटना के कंकड़बाग इलाके में शनिवार देर रात नशे में धुत एक थार चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए थार को घेर लिया और चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया।
चेकिंग के दौरान वाहन चढ़ाने की कोशिश
घटना राजधानी के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के जगनपुरा बाईपास चौराहे पर शनिवार देर रात करीब 11 बजे की है। जगनपुरा चौराहे पर ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस बल वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। नियमित वाहन जांच के दौरान एक तेज रफ्तार थार कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और जांच कर रहे पुलिसकर्मियों पर ही वाहन चढ़ाने की कोशिश की। सतर्क पुलिस जवानों ने तुरंत पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
हालात काबू करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया
स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिसकर्मियों ने बल प्रयोग किया। पुलिस ने थार को रोकने के लिए वाहन पर लगातार लाठियां बरसाईं। डंडे की मार से थार के शीशे टूट गए। जिसके बाद गाड़ी की रफ्तार कम हो गई और चालक को गाड़ी रोकनी पड़ी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत हिरासत में ले लिया।
शराब के नशे में धुत था चालक
शुरुआती जांच और मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पाया कि चालक शराब के नशे में धुत था। कंकड़बाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायल और नशे में धुत आरोपी चालक को इलाज और मेडिकल जांच के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, ताकि रिपोर्ट के आधार पर पुख्ता कानूनी शिकंजा कसा जा सके।

