HomeJharkhand Newsकारू यादव की गिरफ्तारी से खुलेंगे हिलटॉप हिंसा के राज, SIT की...

कारू यादव की गिरफ्तारी से खुलेंगे हिलटॉप हिंसा के राज, SIT की जांच जारी

धनबाद: मधुबन थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी, बमबाजी और एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार पर हमले के मुख्य आरोपी कारू यादव को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी द्वारा गठित एसआईटी टीम ने कारू यादव को जमुई से पकड़ा और भारी सुरक्षा के बीच उसे धनबाद लाया। इस ऑपरेशन में 30 से अधिक SIT टीम के सदस्य शामिल थे। गिरफ्तारी के साथ ही उसके भतीजे रोशन यादव को भी गिरफ्तार किया गया, जो एसडीपीओ पर हुए हमले में शामिल था।

गुरुवार को कारू यादव को मधुबन थाना लाकर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जांच की। इस दौरान, पुलिस ने कारू यादव को उसके मार्केट परिसर में ले जाकर जांच की, जहां पहले DSP पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे कारू यादव से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि इस हिंसक घटना के पीछे किसका हाथ था और घटना में उपयोग किए गए हथियारों का सुराग मिले।

मौके पर खरखरी, सोनारडीह, ईस्ट बसुरिया और कतरास थाना की पुलिस भी तैनात थी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कारू यादव से पूछताछ के बाद इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है। जांच पूरी होने के बाद पुलिस जल्द ही महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक करने की योजना बना रही है।

यह गिरफ्तारी 9 जनवरी को हिलटॉप आउटसोर्सिंग में हुई हिंसक झड़प के बाद की गई थी, जिसमें गोलीबारी, बमबाजी, पथराव और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के कार्यालय में आगजनी जैसी घटनाएं शामिल थीं। बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कारू यादव को गिरफ्तार करने के लिए अपनी टीम के साथ छापेमारी की थी, लेकिन इस दौरान यादव के समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया था, जिसमें एसडीपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

अब तक पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और 9 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जबकि 100 से अधिक नामजद आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य इस पूरी हिंसक घटना में शामिल यादव के नेक्सस को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।

कारू यादव की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, और माना जा रहा है कि आगे की जांच से इस मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular