डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: कश्मीर से आ रही बर्फीली हवाओं ने झारखंड में फिर से ठंड बढ़ा दी है। रांची, धनबाद, पलामू समेत कई जिलों में तापमान तेजी से गिरने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में ठंड और बढ़ सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।
बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस अचानक बढ़ी ठंड का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ सकता है। इसलिए उन्हें गर्म कपड़े पहनने और ठंडे पानी से न नहाने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार, तापमान में तेजी से गिरावट के कारण सर्दी, खांसी और निमोनिया जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
24 घंटे में 6 डिग्री की गिरावट, कोहरे के साथ सर्द हवाओं का कहर
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री से गिरकर 9.1 डिग्री पर पहुंच गया है। तापमान में इस गिरावट के कारण सुबह घना कोहरा छाया रहा और दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं। दोपहर में हल्की धूप के बावजूद ठंड का एहसास होता रहा, जबकि शाम ढलते ही फिर से कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी। रात के समय सर्द हवाओं ने मौसम को और ठंडा बना दिया।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जल्द बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय हो रहा है, जिससे बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है। इससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। तापमान में बढ़ोतरी होने से मौसम में हल्की गर्माहट लौट सकती है।
फिलहाल, लोगों को ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करने और मौसम के अनुरूप कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।