Homeमौसमठंड गई, अब गर्मी की दस्तक! होली तक मौसम में बड़ा बदलाव

ठंड गई, अब गर्मी की दस्तक! होली तक मौसम में बड़ा बदलाव

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां कुछ दिन पहले तक ठंड का असर था, अब धीरे-धीरे गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से लेकर होली तक मौसम में बड़ा परिवर्तन होगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण तापमान में वृद्धि होगी और कई राज्यों में गर्मी का अहसास होने लगेगा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर: ठंडक होगी खत्म

मौसम विशेषज्ञ स्काईमेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ इस समय अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है। यह 9 मार्च की रात तक जम्मू-कश्मीर पहुंचेगा और उसके बाद लगातार दो से तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। इन विक्षोभों के बीच कोई बड़ा अंतराल नहीं होने से उत्तरी हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ जाएगी, जिससे ठंडक पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

यह भी देखें :

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: निस्वार्थ सेवा की मिसाल बनीं सफाई कर्मी महिलाएँ, ये हैं समाज की अपराजिताएं

15-16 मार्च तक अधिक रहेगा तापमान

विशेषज्ञों का कहना है कि 15-16 मार्च तक तापमान अधिक बना रहेगा। रात का तापमान भी बढ़ेगा, जिससे सुबह और रात की सर्दी समाप्त हो जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में प्रभाव अधिक दिखेगा।

दिल्ली-एनसीआर: 33 डिग्री पार कर सकता है तापमान

दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। गर्मी बढ़ेगी और तेज हवाओं में कमी आएगी। 9 मार्च के बाद तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है और 11 से 14 मार्च के बीच यह 33 डिग्री के पार जा सकता है। हालांकि, होली के दिन हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश और बिहार-झारखंड में बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश में अब मौसम पूरी तरह बदलेगा। तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, हालांकि उत्तर पश्चिमी जिलों में 13 और 14 मार्च को बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में भी दिन के तापमान में वृद्धि होगी, जिससे ठंड का असर खत्म हो जाएगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी और लैंडस्लाइड की आशंका

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, उत्तराखंड में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की संभावना भी जताई जा रही है।

मौसम में यह बदलाव आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से पूरी तरह राहत देगा। लेकिन, तापमान बढ़ने से गर्मी का असर जल्द महसूस होने लगेगा। खासकर, होली के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है।

Most Popular