मिरर मीडिया : धनबाद नगर निगम की खटारा और स्क्रैप हो चुके वाहन का कायाकल्प होने जा रहा है। आपको बता दें कि स्क्रैप और पुराने खटारा वाहनों को इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के रूप में परिवर्तित किया जा सकता है। इसके लिए मुंबई की कंपनी क्लीनटेक प्राइवेट लिमिटेड की प्रतिनिधि ने धनबाद नगर निगम के आयुक्त से मुलाकात की और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने कंपनी को इस संबंध में विस्तृत प्रपोजल देने का कहा है, ताकि इसपर आगे की प्रक्रिया शुरू हो सके। वहीं धनबाद में ही इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा और यहीं रोजगार सृजन होगा। 30 फीसद महिलाओं को वरीयता मिलेगी।
इस बाबत उन्होंने बताया कि स्क्रैप हो चुकी और न चलने की हालत में पुरानी गाड़ियों के इंजन की जगह रेट्रोफिटिंग के माध्यम से मोटर और अन्य ईवी उपकरण लगाए जाते हैं। यह काम मात्र साढ़े चार घंटे में ही पूरा हो जाता है। इसकी लागत भी कम आती है। इसके साथ ही गाड़ियों की उम्र भी 10 वर्ष तक बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि अमूमन एक गाड़ी पर पूरे वर्ष लगभग एक लाख 80 हजार रुपये का डीजल खर्च होता है। वहीं इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर यही खर्च मात्र 18 हजार रुपये का आएगा।
लिहाजा अगर सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में धनबाद की सड़कों पर नगर निगम की इलेक्ट्रिक व्हीकल्स दौड़ेंगे जिससे प्रदूषण भी कम होगा और खर्च भी। प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नाटक, महाराष्ट्र में ऐसा किया जा रहा है। बिहार-झारखंड में पायलट प्राेजेक्ट के तौर पर जल्द ही काम शुरू होगा।

