जमशेदपुर : आज की सुबह हर किसी के लिए ख़ास है। आज 2023 की सुबह है। नए साल का वो पल जिसका कल रात 12 बजे लोगों ने ज़ोरदार स्वागत किया। नववर्ष पर लोगों का उत्साह चरम पर है। लौहनगरी पूरी तरह जश्न में डूबी हुई है।

नूतन वर्ष पर लोगों ने कई दिनों से अपनी प्लानिंग कर रखी थी। साल के पहले दिन शहर के पिकनिक स्थल लोगों से गुलज़ार है। जमशेदपुर के रमणीक स्थलों पार्क, नदी और डैम के किनारों पर सुबह से ही काफी भीड़ देखने को मिल रही है।

जुबली पार्क, डिमना लेक, हुडको डैम में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग अपने परिवार, दोस्तों के साथ इन जगहों पर पिकनिक मनाते, घूमते, प्रकृति का आनंद उठाते दिख रहे है। हर कोई नए साल के स्वागत के जश्न में सराबोर है। सबसे ज्यादा उत्साह-उमंग युवाओं में देखने को मिल रहा है। तेज़ गीत-संगीत की धुन पर शहर के पिकनिक स्पॉट पर युवाओं की टोली धमाल मचा रही है। वहीं शहर के पार्क व मैदानों में बैडमिंटन, कबड्डी, क्रिकेट खेलकर बच्चे-बड़े अपनी ही मस्ती में डूबे हुए है।

पार्क में बच्चें झूला का खूब आनंद उठा रहें है। वहीं शहर के मंदिरों में भी आज खूब रौनक देखने को मिली। मंदिरों में नववर्ष पर भगवान का आशीर्वाद लेने भी लोगों की काफी भीड़ जुटी।