21 जून को पूरा जिला एक साथ करेगा योग, DC राजीव रंजन ने दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को इस बार महज एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन बनाने की तैयारी है। उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया है कि योग का यह कारवां केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुदूर गांवों और पंचायतों तक पहुंचेगा। इस वर्ष आयुष मंत्रालय ने बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की विशेष थीम तय की है। योग दिवस के सफल और भव्य आयोजन को लेकर समाहरणालय में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है।

खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में होगा मुख्य आयोजन
​जिले का मुख्य भव्य आयोजन सुबह 6:00 से 8:00 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित है। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों, झारखंड पुलिस, NCC कैडेट्स, स्कूली बच्चों, रोटरी और लायंस क्लब जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और खिलाड़ियों सहित आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

दफ्तरों में 10 मिनट का ‘Y-Break’ और गांव-गांव में योग
​उपायुक्त ने कामकाजी लोगों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए एक बेहतरीन पहल की है। अब सरकारी और निजी कार्यालयों में वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसके तहत कर्मचारी कार्यस्थल पर ही कम से कम 10 मिनट का योगाभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और छात्रावास, सदर अस्पताल, PHC, CHC और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पुलिस स्टेशन, पार्क और ओल्ड एज होम (वृद्धाश्रम), ​इन सभी जगहों पर 21 जून को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत एक साथ योगाभ्यास किया जाएगा।

बीमारियों पर चोट और बच्चों का मानसिक विकास
​उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि योग को केवल एक दिन का आयोजन न समझें। इसके माध्यम से लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द और तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है। बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए भी योग बेहद जरूरी है।

नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से जगेगी अलख
​इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया, होर्डिंग्स और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया जाएगा। स्कूलों में योग से जुड़े सेमिनार, चित्रकला और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
​उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि एक स्वस्थ और निरोग समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

Share This Article