डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : जमशेदपुर का मानगो इलाका एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। सोमवार की शाम उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती में बेखौफ अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एक कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में कार सवार युवक विक्रम सिंह उर्फ विक्की राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। विक्की के हाथ में गोली लगी है, जिन्हें आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात का आंखों देखा हाल
विक्की राजपूत अपनी अल्टो कार से शिरोमणि नगर से अपने घर लौट रहे थे। घात लगाए बैठे चार अपराधियों ने उनकी कार को बीच रास्ते में ही रोक लिया। इससे पहले कि विक्की कुछ समझ पाते, हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उन पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। विक्की ने कार के भीतर छिपकर जान बचाने की कोशिश की। एक गोली कार की बॉडी पर लगी, जबकि दूसरी गोली विक्की के हाथ को चीरती हुई निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
पुरानी दुश्मनी और ‘साजन मिश्रा गैंग’ का कनेक्शन
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित के बयान के अनुसार, इस हमले के पीछे साजन मिश्रा गिरोह का हाथ है। पहचान किए गए हमलावर में लल्ला, रखाल, एजे आकाश का भाई और एक अन्य सहयोगी शामिल है। पुलिस के मुताबिक यह विवाद साल 2017-18 से चला आ रहा है। करीब तीन साल पहले भी लल्ला और रखाल के साथ विक्की का हिंसक टकराव हुआ था। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए ही इस दुस्साहसिक हमले की योजना बनाई गई थी।
दहशत में इलाका, पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। शहर के प्रवेश और निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर दी गई है।

