कोलकाता से लापता विमान यात्री असम में मिले, सहयात्री ने फ्लाइट में जड़ा था थप्पड़

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : मुंबई से इंडिगो की उड़ान से कोलकाता पहुंचने के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हुए हुसैन अहमद अब असम के बारपेटा रेलवे स्टेशन पर पाए गए हैं। हुसैन अहमद की कहानी ने तब सुर्खियां बटोरीं जब एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक सहयात्री उन्हें विमान में थप्पड़ मारते हुए दिख रहा था। यह घटना 31 जुलाई को फ्लाइट संख्या 6E-6107 में हुई थी।

विमान में हुई इस घटना के बाद, हमलावर सहयात्री को कोलकाता हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि विमान से उतरने के बाद अहमद अचानक से गायब हो गए थे, जिससे उनके परिवार और अधिकारियों में चिंता बढ़ गई थी। अहमद को कोलकाता से सिलचर के लिए अगली फ्लाइट पकड़नी थी।

अहमद, जो असम के कछार जिले के लाठीमारा गांव के रहने वाले हैं, उनकी गुमशुदगी के बाद उनके परिवार ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा से मदद की गुहार लगाई थी। यह राहत की बात है कि अब वे असम के बारपेटा रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गए हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे बारपेटा तक कैसे पहुंचे।

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब फ्लाइट में अहमद की तबीयत बिगड़ी और केबिन क्रू उनसे बात कर रहा था। तभी एक सहयात्री ने अचानक उन पर हाथ उठा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला और लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अब अहमद के मिलने से उनके परिवार और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है। इस मामले में आगे की जांच जारी है ताकि यह पता चल सके कि अहमद हवाई अड्डे से कैसे लापता हुए और बारपेटा तक कैसे पहुंचे।

Share This Article