Homeमहाकुंभ 2025महाकुंभ में श्रद्धा की अभूतपूर्व लहर, संगम में स्नानार्थियों की संख्या 40...

महाकुंभ में श्रद्धा की अभूतपूर्व लहर, संगम में स्नानार्थियों की संख्या 40 करोड़ के पार

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य मां सरस्वती के पवित्र संगम में आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। साधु-संतों, श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, स्नानार्थियों और गृहस्थों के स्नान ने एक नया शिखर छू लिया है। शुक्रवार सुबह तक महाकुंभ में स्नान करने वालों की संख्या 40 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई। सुबह 10 बजे तक 42.07 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगाई, जिससे कुल स्नानार्थियों की संख्या ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई।

50 करोड़ स्नानार्थियों का नया कीर्तिमान बनने की संभावना

अभी महाकुंभ के समापन में 19 दिन शेष हैं, ऐसे में पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। प्रयागराज में तीनों प्रमुख अमृत स्नान (मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी) के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु प्रतिदिन लाखों की संख्या में प्रयागराज पहुंच रहे हैं और संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।

बसंत पंचमी के बाद भी उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

बसंत पंचमी का अंतिम अमृत स्नान पर्व संपन्न होने के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम में स्नान करने के लिए उमड़ रही है। शुक्रवार, 7 फरवरी को सुबह 10 बजे तक 42.07 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया। इनमें करीब 10 लाख कल्पवासी, देश-विदेश से आए श्रद्धालु, साधु-संत और गृहस्थ शामिल थे। इस अद्वितीय समागम में सनातन संस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिल रही है।

अब तक किस स्नान पर्व पर कितने श्रद्धालु पहुंचे?

महाकुंभ के दौरान अब तक सर्वाधिक 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या पर संगम में स्नान किया। इसके अलावा—

मकर संक्रांति: 3.5 करोड़ श्रद्धालु एक फरवरी व 30 जनवरी:2-2 करोड़ श्रद्धालु ,पौष पूर्णिमा: 1.7 करोड़ श्रद्धालु ,बसंत पंचमी:2.57 करोड़ श्रद्धालु

देश के नामी हस्तियों की संगम में आस्था की डुबकी

महाकुंभ के दौरान देश के कई बड़े राजनेता, फिल्मी सितारे, खिलाड़ी और आध्यात्मिक हस्तियां भी संगम में पुण्य स्नान कर चुकी हैं।

राजनीतिक हस्तियां: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (मंत्रिमंडल समेत), राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक, भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे।

फिल्मी सितारे: हेमा मालिनी, अनुपम खेर, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, भाग्यश्री, मिलिंद सोमण, ईशा गुप्ता।

खेल जगत के सितारे: ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल, क्रिकेटर सुरेश रैना, अंतरराष्ट्रीय रेसलर ‘द ग्रेट खली’।

अन्य प्रसिद्ध हस्तियां: कवि कुमार विश्वास, कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी।

10 फरवरी को संगम में आ सकती हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

महाकुंभ के इस विराट आयोजन में आस्था का रंग और गाढ़ा होने जा रहा है। आगामी 10 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भी संगम में पुण्य डुबकी लगाने की संभावना जताई जा रही है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।

mirrormedia
mirrormediahttps://mirrormedia.co.in
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views

Most Popular