जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में चौकीदारों के खाली पड़े पदों पर आवेदन मांगे गए है। कुल 284 पदों पर नियुक्ति होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आवेदन 30 सितंबर तक किये जा सकते हैं। लंबे समय से यह नियुक्ति अटकी हुई थी। विभागीय मार्गदर्शन की प्रत्याशा में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। इस नियुक्ति में झारखंड सरकार के द्वारा जिला स्तरीय मुफ्फसील स्थापना के लिए लागू आदर्श आरक्षण रोस्टर लागू होगा। इसे प्रमंडलीय आयुक्त ने अनुमोदित कर दिया है। कुल 284 में से 191 पद अनारक्षित, 63 अनुसूचित जनजाति, 16 अनुसूचित जाति और 14 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किये गये हैं। आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना चाहिए। एक अगस्त 2022 तक मैट्रिक पास करने वाले के आवेदन ही स्वीकार किये जाएंगे। उम्र सीमा एक अगस्त, 2022 को न्यूनतम 18 साल होनी चाहिए। आरक्षण के अनुसार यह अधिकतम 40 साल तक हो सकती है।

आवेदक को स्थानीय रीति-रिवाज, भाषा व परिवेश का ज्ञान अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उसे साइकिल चलाने आना चाहिए। सामान्य वर्ग के लिए लंबाई 160 सेंटीमीटर तय की गई है। चयन के लिए लिखित और शारीरिक परीक्षा भी पास करनी होगी। पुरुषों को 5 मिनट और महिलाओं को 8 मिनट में एक मील की दौड़ पूरी करनी होगी। 5 और 8 मिनट के पहले दौड़ पूरी करने पर 20 जबकि इससे अधिक समय लेने पर 10 अंक ही मिलेंगे। इसके अलावा जनजातीय या क्षेत्रीय भाषा की 50 अंकों की लिखित परीक्षा पास करनी होगी। हालांकि पूर्व से कार्यरत सभी अभ्यर्थियों के मामले में अधिकतम उम्र सीमा को एक बार की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए शिथिल किया गया है। चौकीदारों की नियुक्ति में संबंधित बीट क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य किया गया है।