जमशेदपुर में दिखेगा देशभक्ति का जज्बा: प्रभात फेरी से लेकर फ्रेंडली फुटबॉल मैच तक, ऐसा रहेगा स्वतंत्रता दिवस का शेड्यूल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य जिला स्तरीय समारोह इस बार भी पारंपरिक गरिमा और भव्यता के साथ बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने की। समारोह के सुचारू संचालन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। गोपाल मैदान में स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 09:05 बजे मुख्य ध्वजारोहण होगा।

कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं और समय-सारणी
सांस्कृतिक संध्या (14 अगस्त): स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देंगे।
प्रभात फेरी: 15 अगस्त की सुबह स्कूली बच्चों द्वारा शहर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
फ्रेंडली फुटबॉल मैच: 15 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच एक मैत्रीपूर्ण (फ्रेंडली) फुटबॉल मैच खेला जाएगा।
ड्राई डे: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिलेभर में ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है।

10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास
​समारोह के मुख्य आकर्षण परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से शुरू हो जाएगा, जो 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ पूरा होगा। 10 अगस्त को पहली परेड रिहर्सल पुलिस लाइन में होगी, जबकि इसके बाद की सभी रिहर्सल और अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में आयोजित की जाएगी। परेड में आरएएफ, सीआरपीएफ, डीएपी (पुरुष व महिला), होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

स्वतंत्रता सेनानियों को घर जाकर किया जाएगा सम्मानित
​उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि जिले के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को 14 अगस्त को ही उनके आवास पर जाकर शॉल और मिठाई देकर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा जिले में स्थित सभी वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व माल्यार्पण सुनिश्चित करने का जिम्मा क्षेत्रीय अधिकारियों को सौंपा गया है।

व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
​मुख्य समारोह स्थल गोपाल मैदान की देखरेख और साफ-सफाई का जिम्मा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर आयुक्त, एनडीसी और जुस्को की संयुक्त टीम को दिया गया है। शहर में निर्बाध यातायात व्यवस्था, अग्निशमन गाड़ियो (फायर ब्रिगेड) और एम्बुलेंस की तैनाती के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article