धनबाद मंडल के बांसजोड़ा स्टेशन के पास रेलवे की सिग्नलिंग केबल चोरी का मामला उजागर हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता से एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को कंट्रोल से सूचना मिली थी कि बांसजोड़ा स्टेशन के निकट किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिग्नलिंग केबल काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इसके बाद RPF धनबाद पोस्ट ने मुखबिर की मदद से आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया कॉपर केबल झाड़ियों में छिपाया गया है और आरोपी रात में उसे लेने आएगा। इसी सूचना के आधार पर RPF टीम ने घटनास्थल पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
करीब सुबह 4 बजे एक व्यक्ति लाल शर्ट-पैंट पहनकर झाड़ियों में पहुंचा, जिसे RPF जवानों ने घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. अख्तर अली उर्फ राजा, निवासी रहमतगंज, पांडरपाला, धनबाद बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 3.5 किलोग्राम छिला हुआ कॉपर केबल और एक हेक्साब्लेड बरामद हुआ। आरोपी के पास बरामद सामान का कोई वैध कागजात नहीं था और पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
इस मामले में RPF धनबाद पोस्ट में कांड संख्या 09/26, दिनांक 19 अप्रैल 2026 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को रेलवे न्यायालय, धनबाद में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 2450 रुपये बताई जा रही है।

