‘जो हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, उसका मिटना तय’, पीएम मोदी की सख्त चेतावनी

Neelam
By Neelam
5 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं। जहां से पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर आतंकियों को चेताया है। गुजरात के दाहोद में पीएम मोदी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने जनसभा में सख्त लहजे में कहा कि आतंक फैलाने वालों ने सपनों में भी नहीं सोचा होगा मोदी से मुकाबला कितना मुश्किल हो सकता है। ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई हमारी बहनों का सिंदूर मिटाएगा, तो उसका भी मिटना तय है।

ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ये क्षेत्र मां भारती की, मानवता की रक्षा के लिए हमारे तप और त्याग को दर्शाता है। सोचिए, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जो कुछ किया, क्या भारत चुप बैठ सकता है? क्या मोदी चुप बैठ सकता है?

पीएम ने कहा, अगर कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, तो उसका भी मिटना तय हो जाता है। इसलिए ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है। ये हम भारतीयों के संस्कारों और हमारी भावनाओं की अभिव्यक्ति है। आतंकवादियों ने 140 करोड़ भारतीयों को चुनौती दी थी। इसलिए मोदी ने वही किया, जिसके लिए देशवासियों ने मुझे प्रधान सेवक की जिम्मेदारी दी है।

तीनों सेनाओं को छूट दी -पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जरा सोचिए कि आतंकियो ने बाल-बच्चों के सामने पिता को गोली मार दी। आज भी वो दृश्य देखकर मेरा खून खौल जाता है। मोदी ने तीनों सेनाओं को छूट दी और हमारे शूरवीरों ने वो कर दिखाया जो दुनिया ने तीन दशकों में नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि बंटवारे के बाद जिस देश का जन्म हुआ, उसका एकमात्र लक्ष्य भारत से दुश्मनी, भारत का नुकसान करना। लेकिन हमारा लक्षय खुद को विकसित बनाना, मजबूत करना है। वो तब होगा जब भारत की सेना और अर्थव्यव्सथा भी मजबूत होगी।

पीएम मोदी ने किया अपने शपथ का जिक्र

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 में आज के ही दिन पहली बार मैंने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। मैं देश सेवा में जुटा हूं। इन सालों में देश ने वे फैसले लिए, जो अकल्पनीय थे। इन वर्षो में दशकों पुरानी बेडियों को हमने तोड़ा है। देश हर सेक्टर में आगे बढ़ रहा है। आज देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है। आज हम 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए जी-जान से जुटे हैं। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की के लिए जो कुछ भी चाहिए, वो हम भारत में ही बनाएं, ये आज के समय की मांग है।

भारत दुनिया में सामान कर रहा निर्यात

पीएम ने कहा कि देश की जरूरत के सामान का निर्माण हो या फिर दुनिया के अलग-अलग देशों में हमारे देश की बनी हुई चीजों का एक्सपोर्ट लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम स्मार्ट फोन से लेकर, गाड़ियां, खिलौने, सेना के अस्त्र-शस्त्र और दवाओं जैसी चीजें दुनिया के देशों में निर्यात कर रहे हैं। आज भारत रेल, मेट्रो और इसके जरूरी तकनीक खुद बनाता भी है और दुनिया में निर्यात भी करता है। हमारा ये दाहोद इसका जीता-जागता प्रमाण है।

हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

पीएम मोदी ने कहा कि थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें सबसे शानदार दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री है। 3 साल पहले मैं इसका शिलान्यास करने आया था। तब लोगों को तरह तरह की बातें कीं। गालियां दीं। कहा कि चुनाव आने वाले हैं इसलिए ये सब किया जा रहा है। काम कुछ नहीं होगा। देखिए, अब इस फैक्ट्री में पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बनकर तैयार हो गया है। आज गुजरात को एक और उपलब्धि हासिल हुई है। गुजरात के शत-प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। इसके लिए मैं आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

Share This Article