जमशेदपुर : पोटका प्रखंड में छात्रों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के कार्य में धीमी प्रगति पर अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम संदीप कुमार मीणा ने असंतोष जताया। प्रखंड सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पदाधिकारी व कर्मचारियों को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि छात्रों के जाति प्रमाण पत्र बनाने में तेजी लाएं। इसके पूर्व उन्होंने अबतक की कार्य प्रगति पर एक एक कर्मचारियों से फीड बैक लिया। प्रखंड के 179 स्कूलों के लगभग 28000 छात्रों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया जाना है, जिसमें शुक्रवार तक मात्र 500 छात्रों का ही जाति प्रमाण पत्र बन सका है। अनुमंडल पदाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि प्रतिदिन एक हजार छात्रों का प्रमाण पत्र निर्गत करना सुनिश्चित करें, कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में बीडीओ महेंद्र रविदास, सीओ इम्तियाज अहमद, बीईईओ तेजेन्द्र कौर,व,अनीता सिन्हा, बीपीओ विशेश्वर नंदी, अंचल निरीक्षक नवीन पूर्ति सहित बीआरपी, सीआरपी, राजस्व उपनिरीक्षक व प्रज्ञा केंद्र संचालक उपस्थित थे।