हजारीबाग जिला में हाथियों के बढ़ते उत्पात के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाथी भगाने के लिए तैनात विशेष टीम की गाड़ी ओपी घाटी मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो टीम सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है। इसके अलावा सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, अंगो थाना क्षेत्र में बीते दो दिनों से पांच हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिनमें से एक हाथी के अत्यंत उग्र होने की सूचना है। हाल के दिनों में हाथियों के हमलों में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग की ओर से पश्चिम बंगाल से विशेष हाथी भगाओ दस्ता बुलाया गया था, जो पिछले आठ दिनों से क्षेत्र में अभियान चला रहा था।
शनिवार को यह टीम चरही थाना क्षेत्र के कजरी गांव से चुरचू की ओर एक सवारी वाहन से लौट रही थी। इसी दौरान ओपी घाटी के तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।
हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल सदस्य को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

