डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश के आसार हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी रहेगा।
इन राज्यों में होगी बारिश और बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख,मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में 17 से 20 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 19-20 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में बर्फीली हवाओं के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा।राजस्थान में 18 से 20 फरवरी, पंजाब-हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 20 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया: दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बिहार, दिल्ली, तेलंगाना, महाराष्ट्र में तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं,दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
हिमाचल में शीतलहर का कहर, कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 फरवरी तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आज (15 फरवरी) शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड का असर बना रहेगा और बारिश-बर्फबारी से तापमान में और गिरावट आ सकती है।