डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने राज्य के मुख्य (गृह व कारा) मंत्री को पत्र लिखकर धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर मो. हैदर अली उर्फ प्रिंस खान के प्रत्यर्पण की कार्रवाई में तेजी लाने का आग्रह किया है। सरयू राय ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे प्रिंस खान को भारत वापस लाने के लिए केंद्र सरकार (भारत सरकार) पर आवश्यक दबाव बनाएं।
दुबई से फैला रहा आतंक
गौरतलब है कि गैंगस्टर प्रिंस खान फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में छिपा हुआ है और वहीं से झारखंड में अपना आपराधिक नेटवर्क चला रहा है। विधायक सरयू राय ने पत्र में बताया कि झारखंड सरकार के गृह विभाग ने 09 अक्टूबर 2023 को ही भारत सरकार से प्रिंस खान के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी प्रत्यर्पण कार्रवाई के लिए संबंधित सेक्शन को निर्देशित किया था, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रिंस खान को भारत लाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई है।
जमशेदपुर और रांची तक पहुंचा रंगदारी का जाल
सरयू राय ने पत्र में खुलासा किया कि प्रिंस खान की आपराधिक गतिविधियां अब केवल धनबाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उसका आतंक जमशेदपुर, रांची, बोकारो और अन्य स्थानों तक फैल चुका है।
उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र (जमशेदपुर पश्चिम) के कई व्यापारियों और चिकित्सकों के साथ-साथ रांची के भी डॉक्टरों ने उन्हें सूचित किया है कि प्रिंस खान अज्ञात नंबरों से फोन करके उनसे दो करोड़ से पांच करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगता है। रंगदारी न देने पर उसके गुर्गे प्रतिष्ठानों के बाहर फायरिंग करते हैं और दहशत फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि दैनिक समाचार पत्रों में भी प्रिंस खान के आतंक की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित हो रही हैं, जिससे स्पष्ट है कि राज्य के व्यवसायी और चिकित्सक उसके मुख्य शिकार बन रहे हैं।
विधानसभा का आश्वासन हुआ बेअसर
सरयू राय ने याद दिलाया कि उन्होंने वर्ष 2023 के शीतकालीन सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से यह विषय विधानसभा में उठाया था। तब सरकार ने विस्तृत उत्तर देकर आश्वासन दिया था कि प्रिंस खान को भारत लाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी और उसके गुर्गे गैंग को भी नष्ट किया जाएगा।
विधायक ने खेद व्यक्त किया कि आज तक न तो प्रत्यर्पण की कार्रवाई पूरी हुई और न ही उसके गुर्गों पर लगाम लगी। इसी का नतीजा है कि प्रिंस खान का आतंक अब जमशेदपुर और रांची तक फैल गया है।
CM से अंतिम अनुरोध
सरयू राय ने मुख्य (गृह व कारा) मंत्री से अनुरोध किया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने, विशेषकर व्यवसायियों और चिकित्सकों के मन से डर दूर करने के लिए, अपने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के सरकारी उत्तर के आलोक में त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने जोर दिया कि प्रिंस खान को भारत प्रत्यर्पित कराने और उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने के लिए भारत सरकार पर तुरंत दबाव डालने की पहल की जाए।

