डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है।जिससे सर्दी और गर्मी के बीच लुका-छिपी का खेल देखने को मिल रहा था। हालांकि, अब मौसम फिर से करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में एक बार फिर से ठंड लौटने की संभावना है। बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची समेत पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान आसमान मुख्यतः साफ था और ठंड का असर कम दिखाई दिया।
तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। 5 और 6 फरवरी को राज्य में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद 7 से 9 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावटहोने की संभावना है। जिससे ठंड दोबारा बढ़ेगी और प्रदेश में सर्दी का असर एक बार फिर महसूस किया जाएगा।
कोहरे और बादलों का भी रहेगा असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 फरवरी को झारखंड के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है। 6 से 8 फरवरी के बीच सुबह के समय कोहरा या धुंध देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे। जिससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। झारखंड के लोगों को एक बार फिर ठंड के लिए तैयार रहने की जरूरत है, क्योंकि मौसम में जल्द ही बदलाव देखने को मिलेगा।