बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं। अब उनके बाद कौन बिहार का नया सीएम होगा इसकी चर्चा हो रही है। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के एमएलसी खालिद अनवर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में फिलहाल मुख्यमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं है, नीतीश कुमार बिहार के बेटे हैं और वे यहीं रहकर राज्य की सेवा करेंगे।
खालिद अनवर के बयान से बढ़ी हलचल
जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार कहीं नहीं जा रहे हैं, वो बिहार के बेटे हैं, बिहार में रहेंगे। कौन कह रहा है कि नीतीश कुमार जा रहे हैं? जो लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं मुझे लगता है वो नीतीश कुमार से वाकिफ नहीं हैं। खालिद अनवर ने कहा कि जो लोग नीतीश कुमार के जाने की अटकलें लगा रहे हैं, वे उनकी शख्सियत और बिहार के प्रति उनके अटूट समर्पण को नहीं जानते हैं।
जगह तभी खाली होगी जब वे इस्तीफा देगें- खालिद अनवर
जेडीयू नेता ने कहा कि अभी मुख्यमंत्री की कोई वैकेंसी नहीं है। जगह तभी खाली होगी जब वे खुद इस्तीफा देने का फैसला करेंगे और अभी ऐसी कोई स्थिति नहीं है। अगला सीएम किस पार्टी का बनेगा वो एनडीए तय करेगा। अभी नीतीश कुमार बहुत अच्छे से बिहार चला रहे हैं, नीतीश कुमार को ही डिसीजन लेने दीजिए।
फैसला नीतीश कुमार को ही करना है- खालिद अनवर
खालिद अनवर ने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार ही राज्य का नेतृत्व करते रहें। खालिद ने कहा कि बिहार के 14 करोड़ लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार सीएम रहें। किसी ने उनको ये नहीं कहा है कि वे गद्दी छोड़ें। उनका निजी निर्णय है कि राज्यसभा जाना है। अभी भी उन्हीं का निर्णय होगा कि वो गद्दी छोड़ेंगे या नहीं। अपना निर्णय उनको खुद लेना है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है।

