मिरर मीडिया : गुरुवार को सिंदरी में दो पक्षो के बीच में जमकर हंगामा हुआ और पत्थरबाजी भी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंदरी में पारंपरिक हथियारों से लैस हजारों ग्रामीणोंं ने प्रदर्शन किया और लक्की सिंह के शहरपुरा स्थित कार्यालय में तोड़फोड़ की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए शहरपुरा बाजार बंद हो गया। सिंदरी डीएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में ग्रामीणों के द्वारा पथराव किया गया है जिसमें भंवरा पाथरडीह एवं सिंदरी थाना प्रभारी घायल हुए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों का असर्फी अस्पताल में इलाज चल रहा है पूरा अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। सिंदरी डीएसपी ने बताया कि कांड में संलिप्त जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं भारी मात्रा में ग्रामीणों ने हंगामा मचाया वहीं पुलिस के द्वारा स्थितिनुसार लाठियाँ भी भांजी गई। बलियापुर, सिंदरी और आसपास के थानों की पुलिस के अलावा धनबाद से भी जवानों को स्थिति नियंत्रण करने के लिए बुलाया गया था। लेकिन ग्रामीणों के आगे इनकी एक न चली। ग्रामीणों ने हिंसक प्रदर्शन करते हुए लाठी-डंडे के साथ अन्य अस्त्र भी चलाएं। हालांकि पुलिस ने बताया की इस दौरान फायरिंग नहीं हुई। आधा दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इससे शहरपुरा के लोगों में दहशत व्याप्त है।

गौरतलब है कि लगभग एक सप्ताह से लक्की सिंह और बड़दाहा के कुछ ग्रामीणों की पिटाई के बाद दोनों पक्षों में काफी तनातनी का माहौल था। कुछ दिन पूर्व लक्की समर्थकों की ओर से बड़दाहा के छह ग्रामीणों की पिटाई के बाद माहौल और गर्म हो गया था इसके बाद भी पुलिस चौकस नहीं हुई। पुलिस अगर मामले को लेकर अलर्ट रहती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती।