जमशेदपुर : आपसी रंजिश में मानगो थाना क्षेत्र के मानगो पुल पर आज गोली चली। दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। मानगो पुल पर घटी पूरी घटना ही सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। घटना सुबह 6.15 बजे की है। जब मछली गाड़ी से रंगदारी वसूलने को लेकर दो गुटों के लोग आमने-सामने आ गये। इस बीच दोनों गुटों की ओर से एक-दूसरे पर फायरिंग की गयी। इस दौरान किसी को गोली नहीं लगी है। घटना के बाद से पूरे मानगो इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह मछली की गाड़ी आयी थी कि यहां पर एक गुट के लोगों ने व्यापारी से रंगदारी की रकम वसूल कर ली। ठीक उसी समय दूसरा गुट भी पहुंच गया और पहले गुट से भिड़ गया। इस बीच मामला इतना बढ़ गया था कि दोनों गैंग की ओर से एक-दूसरे पर फायरिंग की गयी। पुलिस को घटनास्थल से खोखा बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल है।
मानगो में फायरिंग, मची अफरा तफरी

Leave a comment