धनबाद रेलवे स्टेशन पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा, आरपीएफ की सतर्कता से 38 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ पकड़े गए दो तस्कर

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। RPF (रेलवे प्रोटेक्शन फाॅर्स) की धनबाद इकाई ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 38 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 28,500 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 27,860 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06/07 पर देर रात की गई।

सीसीटीवी निगरानी से खुला राज

26-27 फरवरी 2026 की रात स्टेशन पर नियमित गश्त और निगरानी के दौरान सीसीटीवी ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी प्रियम कुमारी ने हावड़ा छोर पर एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नोटिस की। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने तुरंत घेराबंदी की और प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर खड़ी 18105 जयनगर एक्सप्रेस के सामान्य कोच के पास तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान गोपाल कुमार यादव (39 वर्ष), निवासी सलौनजा, थाना हलसी, जिला लखीसराय (बिहार) के रूप में हुई, को हिरासत में लिया गया। उसके बैग की जांच में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के बारे में भी जानकारी दी।

स्वान दस्ते की मदद से दूसरा आरोपी भी पकड़ा गया

टीम ने प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर पौधों के पास रखे एक काले बैग की तलाशी ली। स्वान दस्ते की सहायता से वहां मौजूद दूसरे व्यक्ति को भी पकड़ा गया, जिसकी पहचान प्रकाश यादव (46 वर्ष), निवासी राता वार्ड-01, थाना हलसी, जिला लखीसराय (बिहार) के रूप में हुई। उसने भी शराब तस्करी की बात स्वीकार की।

दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बराकर से शराब लेकर 18620 गोड्डा-रांची एक्सप्रेस से धनबाद पहुंचे थे और यहां से जयनगर एक्सप्रेस के जरिए लखीसराय जाने की योजना थी। बिहार में अधिक दाम पर शराब बेचकर लाभ कमाने का इरादा था।

क्या-क्या हुआ बरामद?

कार्रवाई के दौरान अलग-अलग ब्रांड की कुल 38 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। सभी बोतलों पर “केवल पश्चिम बंगाल में बिक्री हेतु” अंकित पाया गया, जो अवैध परिवहन की पुष्टि करता है।

आगे की कार्रवाई

दोनों आरोपियों को विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए 27 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की सूची तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेसुब पोस्ट धनबाद लाया गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....