डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : राजधानी रांची के जाने-माने ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. समित लाल को दुबई से व्हाट्सअप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगे जाने के गंभीर मामले ने पूरे चिकित्सा जगत में रोष पैदा कर दिया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरे चिकित्सा समुदाय पर हमला करार दिया है।
सरकार और प्रशासन को अल्टीमेटम
आईएमए की झारखंड शाखा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। संगठन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो IMA राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा।
IMA के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह, सचिव डॉ. प्रदीप सिंह, और उपाध्यक्ष डॉ. आरएस दास ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘यह घटना केवल एक डॉक्टर पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे चिकित्सा समुदाय के लिए गंभीर चिंता और असुरक्षा का विषय है। डॉ. समित लाल जैसे समर्पित चिकित्सक को धमकी मिलना निंदनीय है और इससे डॉक्टरों में भय का माहौल बन रहा है।’
स्वास्थ्य सेवाएं हो सकती हैं बाधित
IMA झारखंड ने ज़ोर दिया है कि डॉक्टर समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग से आते हैं और मरीजों की सेवा में दिन-रात लगे रहते हैं। ऐसे में धमकी और रंगदारी की घटनाएं न केवल चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि आम जनता की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं।
राज्य संयोजक डॉ. अभिषेक रामाधीन और IMA हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया के सचिव डॉ. शंभू सिंह ने कहा, ‘अगर चिकित्सक असुरक्षित महसूस करेंगे, तो समाज में स्वास्थ्य सेवाएं निश्चित रूप से बाधित होंगी।’
IMA की मुख्य मांगें
- डॉक्टरों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
- भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी ‘चिकित्सक सुरक्षा कानून’ बनाया जाए।
- प्रशासन तत्काल कार्रवाई कर दोषियों को कानून के शिकंजे में लाए।

