डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर धमकी का सामना करना पड़ा है। इस बार मुख्यमंत्री कार्यालय पर बम से हमला करने की धमकी देने वाला एक वॉट्सऐप मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस को प्राप्त हुआ है। इस संदेश ने राज्यभर में हड़कंप मचा दिया है।
पाकिस्तानी नंबर से मिली धमकी, जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस को यह धमकी भरा मैसेज वॉट्सऐप पर एक पाकिस्तानी नंबर से प्राप्त हुआ था। मैसेज मिलते ही वर्ली पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है और यह जांच की जा रही है कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति भारत से है या बाहर से।
महाराष्ट्र पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्त जांच
पुलिस विभाग द्वारा वॉट्सऐप संदेश के स्थान की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा संदेश पाकिस्तान के किस स्थान से भेजा गया था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग को इस मामले की सूचना दे दी गई है, और अब महाराष्ट्र पुलिस के साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस धमकी मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।