जमशेदपुर। नीति आयोग द्वारा जनवरी 2022 के लिए की गयी डेल्टा रैंकिंग पर शीर्ष 5 जिलों में झारखंड के खूंटी, गुमला और पाकुड़ जिला को प्रमुख स्थान मिला है।जिसमें खूंटी को तीसरा, गुमला को चौथा और पाकुड़ जिला को पांचवां रैंक मिला है। मालूम हो कि खूंटी और गुमला जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) समेत 6 जिलों के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा हैं। श्री मुंडा ने नीति आयोग के डेल्टा रैंकिंग आने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा इन पिछड़े जिलों के विकास के बारे में स्वयं सोचते रहते हैं और समय- समय पर जिलाधिकारियों से संवाद कर आकांक्षी जिलों की सफलता से सीखने की सलाह देते हैं।उनका मानना है कि जब दूसरों की आकांक्षाएं, अपनी आकांक्षाएं बन जाएं,जब दूसरों के सपनों को पूरा करना अपनी सफलता का पैमाना बना लिया जाए, तो फिर वह कर्तव्य पथ इतिहास रचता है। आज हम देश के आकांक्षी जिलों में यही इतिहास बनते हुये देख रहे हैं। श्री मुंडा ने झारखंड जैसे जनजाति बहुल पिछड़े राज्य के आकांक्षी जिलों के अधिकारियों को राज्य के विकास के लिए और अधिक तत्परता से विकासोन्मुखी कार्य करने का आग्रह किया है।