HomeJharkhand Newsझारखंड: सारंडा जंगल में नक्सली आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ के तीन जवान घायल

झारखंड: सारंडा जंगल में नक्सली आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ के तीन जवान घायल

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिबा के पास बुधवार सुबह आईईडी विस्फोट हुआ। यह विस्फोट नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए विस्फोटकों के कारण हुआ, जिसमें सीआरपीएफ की 197 बटालियन के डी कंपनी के तीन जवान घायल हो गए।

घायलों में कंपनी कमांडर जी. जे. साई, एक ऑपरेटर और एक अन्य जवान शामिल हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया। हालाँकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

सुरक्षा बलों का नक्सल सफाया अभियान जारी

कोल्हान और सारंडा क्षेत्र से नक्सलियों को पूरी तरह खत्म करने के लिए सीआरपीएफ, जिला पुलिस और कोबरा बटालियन संयुक्त रूप से सघन अभियान चला रही है। इस दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी बम और नक्सली डंप को ध्वस्त किया जा रहा है। बौखलाए नक्सली, सर्च ऑपरेशन में जुटे सुरक्षा बलों को लगातार निशाना बना रहे हैं।

यह भी देखें :

बजट पर सत्ता पक्ष ने थपथपाई पीठ तो विपक्ष ने उठाए सवाल, सदन में उलझे विधायक

टोंटो थाना क्षेत्र में नक्सली डंप से विस्फोटक और हथियार बरामद

इसी अभियान के तहत, मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत हुसिपी गांव के पहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने विस्फोटक, हथियार, गोलियां, नक्सली बैनर और अन्य सामग्री बरामद की। इस कार्रवाई में चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की 60 बटालियन को बड़ी सफलता मिली।

नक्सली नेताओं की मौजूदगी के इनपुट, अभियान तेज

चाईबासा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं।

इन्हें पकड़ने के लिए चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न इकाइयों का एक संयुक्त अभियान दल गठित किया गया है, जो लगातार नक्सल विरोधी कार्रवाई कर रहा है।

2022 से लगातार जारी है संयुक्त अभियान

वर्ष 2022 से गोईलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इनमें कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा, बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, लेमसाडीह, हुसिपी, राजाबासा, रेगड़ा और पाटातोरब जैसे इलाके शामिल हैं।

हथियार और गोला-बारूद का भंडार बरामद

गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी गांव के पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा मिला। बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते की मदद से नष्ट कर दिया गया।

सुरक्षा बलों ने नक्सली डंप को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और भारी मात्रा में हथियार, कारतूस व दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री जब्त की। अभियान के बाद भी सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बरतते हुए लगातार गश्त जारी रखी है।

सुरक्षा बलों पर हमलों की बढ़ती घटनाएं

नक्सली लगातार आईईडी ब्लास्ट और हमलों के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं। हाल के दिनों में हुई घटनाओं को देखते हुए अभियान को और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं, जिससे इस क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन को गति मिल सके।

Most Popular