जमशेदपुर में ब्राउन शुगर की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : पुलिस ने सरायकेला-खरसावां जिले में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध धंधे पर नकेल कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर आरआईटी थाना क्षेत्र से 110 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संजय गोस्वामी (कालिकानगर, उलीडीह), सिरिल जोजो (रायडीह बस्ती, आरआईटी), और रतन नाग उर्फ रतन लोहार (रायडीह बस्ती, आरआईटी) के रूप में हुई है।

इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर संवैया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही थी। हाल ही में, पुलिस को रोड नंबर 32 स्थित सूर्य मंदिर के पास कुछ लोगों द्वारा ब्राउन शुगर बेचने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही एक छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 110 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।

इनको किया गया गिरफ्तार

  • संजय गोस्वामी: 70 पुड़िया (वजन: 15.56 ग्राम)
  • सिरिल जोजो: 20 पुड़िया (वजन: 2.08 ग्राम)
  • रतन नाग उर्फ रतन लोहार: 20 पुड़िया (वजन: 2.00 ग्राम)

पुलिस के अनुसार संजय गोस्वामी आदित्यपुर से ब्राउन शुगर खरीदकर मानगो क्षेत्र में बेचता था। वह पिछले कई महीनों से इस धंधे में लगा हुआ था।

छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, पुअनि संजीत कुमार, और सअनि जय प्रकाश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Share This Article