बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गुरुवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत अपने गृह जिले नालंदा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान जिले को 500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है।
फ्लाईओवर का उद्घाटन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचेंगे। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए नालंदा कॉलेज एवं सोगरा हाई स्कूल परिसर में अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया है। यहां से नीतीश कुमार सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड पहुंचेंगे, जहां एलआईसी भवन के समीप से सोगरा कॉलेज मोड़ तक स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।
316 करोड़ की परियोजनाओं का उद्धघाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके बाद पुराना स्टेडियम पहुंचेंगे, जो आज का मुख्य कार्यक्रम होना है। यहां आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री 316 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी 110 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे और साथ ही 106 नई योजनाओं का शिलान्यास कर उनकी आधारशिला रखेंगे।
विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा
कार्यक्रम में बिहार सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नालंदा और पटना जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे और लोगों से संवाद भी करेंगे।

