बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम होने वाला है। बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों में आज काफी हलचल रहने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी नेता नितिन नवीन भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद अपनी वर्तमान सदन की सदस्यता छोड़ने की तैयारी में हैं।
राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद छोड़ना होगा पद
16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद, इन दोनों नेताओं का अब उच्च सदन में जाना तय हो चुका है। राज्य सभा के लिए निर्वाचित होने के बाद, आज उनके इस्तीफे के लिए संवैधानिक समय सीमा (14 दिन) पूरी हो रही है। सीएम नीतीश पिछले करीब दो दशकों से लगातार परिषद के सदस्य रहे हैं और उनका कार्यकाल 6 मई 2030 तक निर्धारित था, लेकिन राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद अब उन्हें एक सदन चुनना अनिवार्य हो गया है। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं, और इस कारण उन्हें भी विधानसभा की सदस्यता छोड़नी होगी।
चारों सदनों का प्रतिनिधित्व करने वाले गिने-चुने नेताओं में नीतीश
नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना इसलिए भी खास है क्योंकि वो अब उन गिने-चुने नेताओं की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद इन चारों सदनों का प्रतिनिधित्व किया है। नीतीश कुमार का विधायी सफर 1985 में हरनौत विधानसभा सीट से शुरू हुआ था। इसके बाद 1989 में वे नौवीं लोकसभा के सदस्य बने। 2006 से वे लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। अब पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में वे अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।
रविवार को ही प्रस्तावित था नितिन नवीन का इस्तीफा
दूसरी ओर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। वह बांकीपुर सीट से लगातार विधायक रहे हैं और बीते 16 मार्च को सीएम नीतीश कुमार के साथ ही राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. हालांकि उनका इस्तीफा रविवार को प्रस्तावित था, लेकिन वह असम चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए, जिसके कारण इस्तीफा टल गया। विधानसभा से इसकी जानकारी भी दी गई विधानसभा अध्यक्ष भी दफ्तर में बैठ गए सारी तैयारी पूरी होने के बावजूद नितिन नवीन अचानक असम चले गए। आज संभावना है कि वह शाम 5:00 बजे से पहले विधानसभा पहुंचकर अपना त्यागपत्र सौंप दें।

