बिहार के मोकामा में आज अंतरराष्ट्रीय महादंगल का आयोजन किया जाएगा। मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने गांव नदवां में आज महादंगल का आयोजन करा रहे हैं। इस आयोजन में देश-विदेश से 100 से ज्यादा नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। लगभग 10 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। वे खुद भी 4 अप्रैल तक गांव में रहकर इस आयोजन की कमान संभालेंगे।
विदेशों से भी पहुंचे पहलवान
मोकामा विधायक ने बाहुबली विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर इसका आयोजन किया है। महादंगल में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। ईरान के हामिद, इरफान और जलाल जैसे नामी पहलवानों के आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा जॉर्जिया के टेड्डू पहलवान के भी पहुंचने की चर्चा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई चर्चित पहलवान भी अखाड़े में अपने दांव-पेंच दिखाएंगे।
मंत्री अशोक चौधरी भी कार्यक्रम में होंगे शामिल
राजनीतिक गलियारे से भी इस आयोजन को बड़ा समर्थन मिल रहा है। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके बेटे निशांत कुमार समेत कई अन्य नेताओं और जनप्रतिनिधियों को भी निमंत्रण दिया गया है। दावा है कि इस कार्यक्रम में 8 से 10 लाख लोगों की भीड़ जुट सकती है। आयोजन को लेकर इलाके में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
महादंगल के लिए खास अखाड़ा बनाया गया
दंगल के लिए गांव में विशेष तरीके से अखाड़ा बनाया गया है। नदवां का यह अखाड़ा किसी आधुनिक मैट जैसा नहीं, बल्कि पूरी तरह पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया है। अखाड़े के लिए मां ब्रह्मम्णी स्थान से विशेष लाल मिट्टी मंगवाई गई है। पहलवानों की सुरक्षा और त्वचा के ख्याल को देखते हुए मिट्टी में 1.5 क्विंटल हल्दी, 30 टीन सरसों का तेल और भारी मात्रा में नीम की पत्तियां मिलाई गई हैं। हल्दी और नीम एंटीसेप्टिक का काम करेंगे। जिससे पहलवानों को चोट लगने पर संक्रमण का खतरा नहीं होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महादंगल को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निजी सुरक्षा कर्मी भी मौके पर मौजूद रहेंगे। भीड़ नियंत्रण और एंट्री प्वाइंट्स पर निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों के लिए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। बड़े स्तर पर भंडारा चलाया जाएगा। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए टेंट, शेड और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की गई है। प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

