जमशेदपुर में ठंड का ‘टॉर्चर’: सात साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, 7 डिग्री पहुंचा तापमान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क, जमशेदपुर :लौहनगरी जमशेदपुर इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है। बुधवार को ठंड ने पिछले सात वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। वर्ष 2019 के बाद पहली बार जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर सीधे 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने कड़ाके की ठंड का अहसास कराया। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2 जनवरी 2019 को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरे कोल्हान क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टी की घोषणा की है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ठंड का असर बाजारों पर भी दिख रहा है; शाम होते ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों तक सुबह और शाम कनकनी बनी रहेगी। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है, इसलिए हाइवे पर चलने वाले वाहन चालकों को धीमी गति और सावधानी से चलने की हिदायत दी गई है।

Share This Article