धनबाद नगर निकाय चुनाव- रिसीविंग सेंटर को लेकर बदलेगा ट्रैफिक रूट, 23 फरवरी शाम से लागू रहेगी व्यवस्था

KK Sagar
2 Min Read

नगर निकाय चुनाव के तहत 23 फरवरी 2026 को मतदान संपन्न होने के बाद मतदान पेटियों को जमा करने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक, बाबुडीह में रिसीविंग सेंटर बनाया गया है। मतदान समाप्ति के बाद शाम 5:00 बजे से बड़ी संख्या में मतदान कार्य में लगे वाहनों का आगमन यहां होगा।

यातायात परिवर्तन का उद्देश्य

मतदान पदाधिकारियों एवं मतदान सामग्री के सुरक्षित और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा अस्थायी यातायात परिवर्तन लागू किए गए हैं।

कहां रहेगा आवागमन प्रतिबंधित

23 फरवरी 2026 को शाम 5:00 बजे से बिनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबाँध चौक तक मतदान कार्य में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

मतदान पेटी ले जाने वाले वाहनों का रूट

मतदान पेटी जमा करने वाले वाहनों का प्रवेश बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से तथा निकास बेकारबाँध की ओर से निर्धारित किया गया है।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

मतदान पत्र रिसीविंग पार्टी से जुड़े कर्मियों के वाहनों की पार्किंग केवल राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में निर्धारित स्थल पर ही की जाएगी। सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।

स्थानीय निवासियों के लिए छूट

बेकारबाँध से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच जिन नागरिकों का आवास अथवा प्रतिष्ठान है, उन्हें विशेष परिस्थिति में बेकारबाँध की ओर से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसी प्रकार बिनोद बिहारी महतो चौक से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच स्थित आवास/प्रतिष्ठान वालों को बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से प्रवेश की अनुमति रहेगी।

कब तक लागू रहेगी व्यवस्था

यह यातायात व्यवस्था 23 फरवरी 2026 को शाम 5:00 बजे से मतदान पेटी जमा करने से संबंधित कार्य की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....