पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में आज बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल के विभिन्न रेल खंडों और प्रमुख स्टेशनों—धनबाद, गोमो, कोडरमा, डाल्टनगंज, चोपन, बरकाकाना और सिंगरौली—पर दिन-रात सुनियोजित तरीके से संचालित किया गया।
अभियान के दौरान टिकट निरीक्षण टीमों ने स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में गहन जांच की, जिसमें कुल 916 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों में बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। इन सभी से कुल ₹5,40,235 की जुर्माना राशि वसूल की गई।
रेल प्रशासन ने पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट के साथ यात्रा करने की सख्त चेतावनी दी है। धनबाद मंडल ने यह स्पष्ट किया कि टिकट जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा और बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उचित टिकट के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश करें और टिकट में निर्धारित श्रेणी के अनुसार ही यात्रा करें। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।