डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के गोड्डा जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पोड़ैयाहाट प्रखंड के देवदांड थाना क्षेत्र स्थित डांगा गांव (शिशु टोला) में ‘डायन-बिसाही’ के अंधविश्वास ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। सोमवार की देर रात अंधविश्वास में पागल कुछ लोगों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी।
आधी रात को मचाया तांडव
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 2 बजे की है। हमलावरों ने सोते हुए परिवार पर अचानक हमला बोल दिया। मृतकों की पहचान दरबारी मुर्मू (55 वर्ष), मकू बास्की (51 वर्ष)-दरबारी मुर्मू की पत्नी, जीतराम मुर्मू (13 वर्ष)-दरबारी मुर्मू के पुत्र के रूप में हुई है।
अंधविश्वास की भेंट चढ़ा मासूम
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि इस हत्याकांड के पीछे ‘डायन-बिसाही’ का शक मुख्य वजह है। हमलावरों ने न केवल बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाया, बल्कि उनके 13 साल के मासूम बेटे को भी नहीं बख्शा। कुल्हाड़ी के वार इतने जोरदार थे कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही देवदांड थाना पुलिस डांगा शिशु टोला पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। शक के आधार पर गांव के ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और मामले की गहन छानबीन जारी है।

