डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नया साल शुरू होते ही रेल हादसा हो गया। शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे बंडामुंडा स्टेशन के के-केबिन के पास हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर एक खाली मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। यह मालगाड़ी बंडामुंडा से राउरकेला की ओर जा रही थी।
हादसे के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे कई यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत ट्रेन के साथ पटरी बहाली का कार्य तेजी से जारी है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मुख्य मार्ग होने से यातायात बाधित रहा। विभागीय सूत्रों का मानना है कि यह घटना रेल सुरक्षा मानकों पर फिर सवाल खड़े करती है। नए साल का बंडामुंडा रेलखंड पर यह पहला हादसा है। बहाली कार्य पूरा होने तक अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

