डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के आदेश पर जिले में खनिज संपदा की सुरक्षा के लिए खनन टास्क फोर्स ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत दो वाहनों को जब्त किया गया है और उनके खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्या है मामला?
यह कार्रवाई आजादनगर और कदमा थाना क्षेत्रों में हुई। आजादनगर में स्टोन चिप्स का अवैध परिवहन करते हुए एक वाहन (संख्या- JH05DZ-8624) को पकड़ा गया और जब्त कर लिया गया। इसी तरह कदमा थाना क्षेत्र में भी स्टोन चिप्स ले जा रहे एक अन्य वाहन (संख्या- JH05AG-2259) को जब्त किया गया। इन दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नदी तटों पर भी रखी जा रही है नजर
अभियान के दौरान टीम ने मरीन ड्राइव क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के किनारे का भी निरीक्षण किया। यहां संभावित अवैध खनन को देखते हुए, कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने और सरकारी राजस्व के नुकसान को रोकने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।