डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : रांची रेल मंडल के अंतर्गत ओर्गा और हटिया स्टेशनों के बीच रेल लाइन दोहरीकरण के दूसरे चरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। इस विकास कार्य के सिलसिले में कनारोआन स्टेशन पर 24 जनवरी से 03 फरवरी तक प्री-एनआई और 4 फरवरी को नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है, जबकि पांच अन्य ट्रेनों को रिशेड्यूल किया गया है।
रद्द होने वाली ट्रेनों में हटिया-राउरकेला पैसेंजर (01 से 04 फरवरी) और राउरकेला-हटिया पैसेंजर (02 से 05 फरवरी) शामिल हैं। इसके साथ ही हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू एक्सप्रेस भी 01 से 04 फरवरी तक रद्द रहेगी। इसके अतिरिक्त, संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से चलेगी। जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस और जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस को भी रिशेड्यूल किया गया है। रेलवे के इस निर्णय से फरवरी के पहले सप्ताह में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

