बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली का रूख कर लिया है। नीतीश कुनार राज्यसभा की सदस्यता लेने के लिए पटना से दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री की दिल्ली रवानगी पर लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा तंज कसा है।
नीतीश कुमार पर रोहिणी का तंज
रोहिणी आचार्य ने नीतीश को मौकापरस्त बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार को “नीतीश चाचा” कहकर उनकी एक फोटो भी पोस्ट की है। इसमें उन्होंने लिखा, “बनकर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए आज दिल्ली..” उन्होंने आगे लिखा, “सही कहा गया है, “मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते। भुगतना पड़ गया ना, चाचा जी। एक-दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत-ए-बिहार से। काश, आप बिना पलटी मारे रह पाते।”
पोस्टर में नीतीश की आंखों से आंसू गिरते दिखाया गया
एआई से एक तस्वीर बनाकर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। तस्वीर में लिखा हुआ है कि छूटा अपना प्रदेश, हम परदेसी हो गए। उसके बाद तस्वीर में एक बस दिख रही है, जिस पर विदाई रथ लिखा हुआ है। नीतीश कुमार की तस्वीर है, जिसमें वे ब्लू रंग का ट्रेवल बैग लिए हुए हैं। उस पर एक गठरी रखी हुई है। उनके कंधे पर दो दो साइड बैग हैं। तस्वीर में गया का महाबोधि मंदिर, ट्रेन और बिहार लिखा हुआ एक बोर्ड दिख रहा है। तस्वीर में दिल्ली का माइलस्टोन भी है। नीतीश कुमार तस्वीर में हाथ उठाए हुए हैं। रो रहे हैं। उसके बाद वे पैदल कहीं जा रहे हैं। नीचे एक अखबार का टुकड़ा पड़ा हुआ है, जिसमें दिल्ली प्लान्स लिखा हुआ है।

