मिरर मीडिया : कृषि विज्ञान केंद्र धनबाद में 17 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के अंतर्गत पोषक वाटिका महाअभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नामित 41 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 43 पोषण सखी, तेजस्वनी से 78 बच्चियां तथा 24 कृषक महिलाएं उपस्थित रही। एलसीडी के माध्यम से माननीय कृषि एवं कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर, भारत सरकार का सजीव प्रसारण भी प्रतिभागी कृषक महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पोषण सखी तथा कन्या को दिखाया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार दास ने अपने संबोधन में सुपोषित रहने के लिए पोषण वाटिका के महत्व व उपयोगिता की चर्चा की। डॉक्टर सीमा सिंह ने मोटे अनाज में उपस्थित पोषक तत्व तथा प्रोटीन विटामिन के बारे में विस्तार से चर्चा की एवं अपने दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया। डॉक्टर नवीन कुमार ने वितरित किए गए पौधों को लगाने व रख रखाव की पूरी जानकारी दी। डॉक्टर आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने पोषण वाटिका को सफल बनाने के लिए मिट्टी जांच की चर्चा की। धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर राजीव कुमार द्वारा दिया गया।
पोषण वाटिका स्थापित करने हेतु केंद्र की ओर से अमरूद के 105 पौधों, 100 सब्जी बीज किट का भी वितरण समस्त प्रतिभागियों को किया गया तथा केंद्र पर भी वृक्षारोपण किया गया। उक्त कार्यक्रम में सदस्य जिला परिषद ग्रोवर, मुखिया निलिमा महतो, केंद्र के वैज्ञानिक, कर्मचारी तथा अन्य लोग उपस्थित थे।