- जमशेदपुर। सरकारी प्रारंभिक स्कूलों के संचालन का समय बढ़ाने पर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ नें कड़ा विरोध किया है। पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, जिला महासचिव सरोज कुमार लेंका, प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह आदि शिक्षक नेताओं ने बढ़े हुए समय को शिक्षकों को परेशान करने की नियत से जारी आदेश बताते हुए इसे पूर्णतः अप्रासंगिक एवं अव्यवहारिक बताया है। कहा कि इससे शिक्षा और शिक्षक हित में कोई लाभ नहीं होने वाला। नए विभागीय आदेश के तहत अब शिक्षकों को 15 मिनट पहले स्कूल पहुंचना होगा तथा बच्चों की छुट्टी के बाद भी 1 घंटे तक स्कूल में रुकना होगा। शिक्षकों के लिए ग्रीष्मावधि में सुबह 7 से 2 बजे तक तथा शीतकालीन अवधि में सुबह 9 बजे से 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। जिसका विरोध शुरू हो गया है। शिक्षक नेताओं ने कहा है कि बच्चों की छुट्टी के बाद भी शिक्षकों को एक घंटा विद्यालय में अलग से रोकने के आदेश का कोई औचित्य नहीं है। विभाग को इस पर विचार करना चाहिए। संघ के द्वारा इसका हर स्तर पर विरोध होगा। संघ ने कहा है कि यदि बढ़े हुए समय संबंधी आदेश को वापस लेकर पूर्व की भांति समय को बहाल नहीं किया गया तो पूरे राज्य में जोरदार आंदोलन करने को संघ विवश होगा आवश्यकता पड़ी तो राज्य के सभी शिक्षक इस एक मुद्दे पर झारखंड में पहली बार हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
नए विभागीय आदेश के तहत शिक्षकों को छुट्टी के एक घंटे बाद तक स्कूल में रूकने का आदेश, शिक्षक कर रहे विरोध

Leave a comment