बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। चिराग ने कहा कि गठबंधन के भीतर सरकार बनाने को लेकर सहमति बन चुकी है और बहुत ही जल्द पता चल जाएगा कि प्रदेश में किस दल का मुख्यमंत्री होगा।
किसके नेतृत्व में बनेगी?
बिहार की सियासत में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रही अटकलों के बीच चिराग पासवान ने कहा कि, “हम लोगों के बीच सरकार बनाए जाने पर बातचीत जारी है और लगभग सहमति बन गई है। तो बहुत जल्द सरकार किसके नेतृत्व में बनेगी इसकी घोषणा कर दी जाएगी।”
क्या बिहार में सम्राट मॉडल चलेगा?
सीएम के लिए सम्राट चौधरी के नाम पर उन्होंने कहा, “गृह मंत्री के तौर पर एक बड़ी जिम्मेदारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी निभाने का काम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में किस भूमिका में उनका मॉडल प्रदेश में दिखेगा ये मुझे लगता है कि समय ही बताएगा।”
जीतन राम मांझी के बयान पर क्या बोले चिराग?
इस सवाल पर कि मुख्यमंत्री के लिए जीतन राम मांझी ने भी सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति दे दी है। इस पर कहा था, “मैं हमेशा इस बात का पक्षधर रहा हूं कि गठबंधन की बातचीत जब तक औपचारिक तौर पर सार्वजनिक न हो उस पर चर्चा नहीं करनी चाहिए। मुझे लगता है कि बहुत जल्द नाम की घोषणा कर दी जाएगी।”

