धनबाद बीजेपी में सक्रिय सदस्यता पर बवाल : पूर्व मेयर सहित कई दिग्गजो को नहीं मिली जगह

KK Sagar
4 Min Read

धनबाद महानगर भाजपा में इन दिनों खूब हलचल मची हुई है। सक्रिय सदस्यों की नई सूची जारी होते ही नेताओं के बीच नाराज़गी, सवाल और आरोपों का दौर शुरू हो गया है। चर्चा तेज है कि क्या सांसद ढुल्लू महतो और झरिया विधायक रागिनी सिंह की पकड़ संगठन में कमजोर पड़ रही है, क्योंकि उनके कई करीबी इस सूची से बाहर हैं। सोशल मीडिया पर पार्टी कार्यकर्ता भी जमकर अपनी नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं।

कई दिग्गज बाहर, पूर्व मेयर तक को जगह नहीं

बुधवार को भाजपा महानगर व ग्रामीण जिला कमेटी ने सक्रिय सदस्यों की सूची जारी की। लेकिन सूची सामने आते ही विवाद छिड़ गया, क्योंकि अनेक पुराने पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और यहां तक कि पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल का नाम भी इसमें नहीं है।
सूत्रों का दावा है कि सांसद ढुल्लू महतो, रागिनी सिंह और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के भरोसेमंद कई चेहरे भी इसमें शामिल नहीं किए गए हैं।

सूची के बाद दिल्ली रवाना हुए कई नेता

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि विवाद बढ़ने के बाद धनबाद के कई भाजपा नेता रांची के बजाय सीधे दिल्ली पहुंच गए हैं। इन्हें ढुल्लू महतो का समर्थक माना जाता है। सोशल मीडिया पर सामने आ रही प्रतिक्रियाएं संकेत दे रही हैं कि संगठन के भीतर गुटबाजी चरम पर है।
कुछ कार्यकर्ता तो सक्रिय सदस्यता प्रक्रिया में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के आरोप भी लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी तक पहुंच गई है।

नामों के छंटनी को लेकर उठे सवाल, “बड़ा खेल” होने का आरोप

सूत्रों के मुताबिक धनबाद महानगर अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों के समर्थकों को सूची से बाहर रखकर “बड़ा खेल” किया गया है। कई लोगों का दावा है कि जानबूझकर कुछ गुट विशेष को संगठन में बढ़त दिलाने की कोशिश हुई है।
हालांकि, आधिकारिक स्तर पर अभी तक किसी भी नेता ने खुलकर कुछ कहने से परहेज़ किया है।

कितने मंडल से कितने सदस्य बने — विस्तृत विवरण

बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष श्रवण राय की मौजूदगी में 17 मंडलों की सूची जारी की गई। झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से कुल 967 सक्रिय सदस्यों को मंजूरी मिली है।
पिछले दिनों 1377 लोगों ने शुल्क जमा किया था, जिनमें से 967 नामों को अंतिम स्वीकृति मिली।

सबसे ज्यादा सक्रिय सदस्य जोड़ापोखर से बनाए गए हैं—यह श्रवण राय का गृह क्षेत्र भी है।

मंडलवार सक्रिय सदस्य संख्या:

जोड़ापोखर – 112

धनबाद सदर – 93

बाघमारा – 85

केंदुआ – 69

महुदा – 65

सिनीडीह – 60

भागा – 55

भूली – 54

झरिया नगर – 54

मनईटांड़ – 53

बरटांड़ – 48

कतरास – 52

धनबाद प्रखंड – 31

लोयाबाद – 34

बैंक मोड़ – 39

लोदना – 39

बस्ताकोला – 34

धनबाद महानगर जिला झारखंड में सक्रिय सदस्यता के मामले में इस बार भी पहले स्थान पर रहा है।

मंडल अध्यक्षों की घोषणा के साथ विवाद और बढ़ने के आसार

अब अगला चरण है—17 मंडल अध्यक्षों की घोषणा। पार्टी सूत्रों का मानना है कि यह कदम गुटबाजी को शांत करने के बजाय और भड़का सकता है।
अभी सक्रिय सदस्य सूची को लेकर जो माहौल बना है, उससे यह साफ है कि विवाद जल्द थमने वाला नहीं है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....