मिरर मीडिया : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने स्टेट ऑफ यूनियन संबोधन में रूस को चेताया कि यह युद्ध इतिहास में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी नाटो की एक-एक इंच जमीन की रक्षा करेंगे। पुतिन भले ही युद्ध के मैदान में बढ़त हासिल कर लें, लेकिन उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी।
बाइडन ने कहा कि पुतिन इस वक्त दुनिया से इतने अलग-थलग हो चुके हैं, जितना कि वह पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि यूरोपियन यूनियन के करीब 27 देश इस वक्त यूक्रेन के साथ हैं।
वहीं बाइडन ने कहा कि यूक्रेन को 1 अरब डॉलर की आर्थिक मदद अमेरिका और नाटो कर रहे हैं। हमारी सेना यूक्रेन में सीधे कोई दखल नहीं देगी। इसके अलावा हम यूक्रेन की हर संभव मदद करेंगे। नाटो सेना को वहां तैनात कर दिया है, जहां रूस का खतरा है।
बाइडन ने कहा कि व्लादिमीर पुतिन को नहीं पता था कि यूक्रेन इतनी कड़ी चुनौती देगी। अमेरिका अपना हवाई क्षेत्र सभी रूसी फ्लाइट के लिए बंद करने का ऐलान करता है। पुतिन ने स्वतंत्र विश्व की सोच पर हमला किया। पुतिन ने सोच-समझकर यूक्रेन पर हमला किया है। पुतिन को किसी देश को छीनने नहीं देंगे। ये लोकतंत्र और तानाशाही के बीच की जंग है।