डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों के बीच पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने चुनावी रैली में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस पर तीखा हमला बोला। उत्तरी कैरोलिना के किंस्टन में आयोजित रैली में ट्रंप ने आरोप लगाया कि अगर कमला हैरिस राष्ट्रपति बनती हैं तो देश की सभी सीमाओं को खोल देंगी, जिससे अवैध प्रवासियों और अपराधियों का देश में प्रवेश संभव हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि कमला हैरिस के पास कोई ठोस विजन नहीं है, सिर्फ मुझे दोष देना उनका मकसद है। उनके जीतते ही सीमाएं अपराधियों के लिए खुल जाएंगी।
अमेरिका की सुरक्षा और समृद्धि की प्रतिबद्धता
अपने भाषण में ट्रंप ने देश की समृद्धि और सुरक्षा बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि वह फिर से राष्ट्रपति चुने जाते हैं, तो अमेरिका के लोग ही देश के शासक बनेंगे और देश सुरक्षित रहेगा।
2020 के चुनावी नतीजों पर टिप्पणी
पेंसिल्वेनिया के लिटिट्ज में एक और रैली में ट्रंप ने 2020 के चुनावी नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस दिन मैंने व्हाइट हाउस छोड़ा, उस दिन हमारी सीमाएं देश के इतिहास में सबसे ज्यादा सुरक्षित थीं। मुझे व्हाइट हाउस नहीं छोड़ना चाहिए था। ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी को ‘भ्रष्ट मशीन’ करार देते हुए कहा कि वह एक भ्रष्ट व्यक्ति के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
श्रमिकों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए नई योजनाएं
ट्रंप ने रैली में घोषणा की कि उनके राष्ट्रपति बनने के बाद श्रमिकों और छोटे व्यवसायों के लिए टैक्स में भारी कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा कि टिप्स, ओवरटाइम और वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा पर कोई टैक्स नहीं होगा।
सर्वेक्षण में करीबी मुकाबला
सर्वेक्षण के मुताबिक, कमला हैरिस और ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला है। सात राज्यों में दोनों के बीच स्थिति करीबी है। जहां हैरिस को नेवादा, उत्तरी कैरोलिना और विस्कान्सिन में मामूली बढ़त है, वहीं ट्रंप एरिजोना में बढ़त बनाए हुए हैं।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।